
सरायकेला: सरायकेला-खरसांवा जिला के ईचागढ़ एवं तिरुलडीह थाना क्षेत्र के सालुकडीह, मानकीडीह व पांडरा गांव मे गुरुवार अहले सुबह करीब 3 बजे 20-25 हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया. वहीं हाथियों ने सालुकडीह के चण्डी चरण महतो के खलिहान मे रखे धान को तहस- नहस कर दिया. बताया जाता है कि हाथियों का झुंड सुबह करीब 5 बजे तक खलिहान मे उत्पात मचाता रहा. बहुत प्रयास के बाद ग्रामीणों ने हाथियों को कुटाम जंगल की ओर भगाया. वहीं तिरूलडीह थाना के मानकिडीह व पांडरा के मोहनलाल, सुधीर, मृत्युंजय महतो एवं सुफल गोप के खलिहान मे रखे धानों एवं खेत में लगे फसलों को रौद डाला.

जानकारी मिलते ही मुखिया पंचानन पातर ने नकसान का जायजा लिया एवं मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया. ईचागढ़ व कुकङु प्रखण्ड क्षेत्र मे लगातार हाथियों द्वारा धान, फसल व घरों को क्षति पहुंचाया जा रहा है. जारगोडीह एवं सापारूम गांव के एक- एक ग्रामीण को कुछ दिन पूर्व ही हाथियों ने जान से मार दिया था. वन विभाग हाथियों को भगाने मे नाकाम रहा है.






