
Jamshedpur : जुगसलाई के गर्ल्स स्कूल रोड स्थित श्री राणी सती मंदिर में श्री राणी सती दादी जी के 20वें मंगसीर नवमी महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन किया गया है, जो गुरुवार को विधि-विधान के साथ आरंभ हुआ. महोत्सव के पहले दिन मंदिर से दादी जी की भव्य सामूहिक ध्वजा एवं कलश शोभा यात्रा निकली, जिसमें 1008 कलशधारी महिलाएं शामिल हुईं. शोभा यात्रा मंदिर परिसर से आरंभ हुई, जो गौशाला चौक, नया बाजार, मारवाड़ी पाड़ा रोड, चौक बाजार, स्टेशन रोड, गर्ल्स स्कूल होते हुए पुन: मंदिर परिसर पहुंच कर संपन्न हुई. शोभा यात्रा में श्री राणी सती दादी, राधा-कृष्ण की झांकी, बैंड बाजा, घोड़े, भजन-कीर्तन व नृत्य आदि श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा. शोभा यात्रा के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया.

शोभा यात्रा के दौरान मार्ग में विभिन्न संगठनों द्वारा सेवा शिविर लगाये गये थे, जिसमें समाज के लोगों का सराहनीय सहयोग रहा. इस दौरान ट्रॉफिक व्यवस्था के मद्देनजर यातायात प्रभारी इंद्रदेव राम समेत मार्ग में चौक-चौराहों पर पुलिस बल के जवान मुस्तैद दिखे. शोभा यात्रा में सुरेश सोंथालिया, अरुण बांकरेवाल, अनिल मोदी, शार्प भारत के संपादक सुनील कुमार अग्रवाल तथा अनिल अग्रवाल समेत श्री राणी सती सत्संग समिति के सभी सदस्य व काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. इसके बाद संध्या बेला में भजन, दादी जी की महाआरती हुई. शुक्रवार 22 नवंबर को महोत्सव के दूसरे दिन दोपहर 2.00 बजे से सामूहिक मंगलपाठ तथा उसके बाद महाप्रसाद का आयोजन किया जायेगा.



