रांची : झारखंड प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के झारखंड दौरे को आड़े हाथ लेते हुए उनके माध्यम से कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने श्री खड़गे के झारखंड दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि खड़गे जी के आने से कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर हो गया है. उहोंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत जोड़ो और हाथ जोड़ो यात्रा करने झारखंड आये हैं, लेकिन भारत की संप्रभुता को संकट में डालनेवाली पार्टी कांग्रेस को भारत जोड़ने की बात करना शोभा नहीं देता. (नीचे भी देखें)
उन्होंने कहा कि इस पार्टी के डीएनए में तो भारत को तोड़ने की नीति है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में भारत विरोधी पादरी जॉर्ज पुन्नैया ,तमिलनाडु को अलग देश बनाने की मांग करने वाला उदय कुमार और पीओके का समर्थन करने वाला कमल हसन शामिल होते हैं और कांग्रेस इस यात्रा को भारत जोड़ो यात्रा का नाम दे रही है. उन्होंने श्री खड़गे के साहेबगंज से अपना कार्यक्रम शुरू करने पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि साहेबगंज में सबसे ज्यादा बांग्लादेशी घुसपैठियों रहते हैं इसीलिए वहां से कार्यक्रम की शुरुआत की गयी क्या. उन्होंने कहा कि जब समाज में घुसपैठियों को बाहर निकालने की बात हो रही है उस समय कांग्रेस एवं झामुमो की सरकार ने हलफनामा देकर कहा है कि उनकी पार्टी की सरकार प्रवासियों को भगाने का काम नहीं करेगी.



