जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में वर्क ऑर्डर की कमी को देखते हुए कंपनी में कर्मचारियों को वैकल्पिक छुट्टी दी जायेगी. कंपेंसेटरी ऑफ लो सकेंगे. इसके अलावा ब्लॉक क्लोजर की घोषणा की गयी है. इसको लेकर दो अलग अलग सरकुलर जारी किया गया है. टाटा मोटर्स ने सभी डिवीजन और विभाग, जेनरल आफिस समेत में तीन दिनों का 29 और 30 मई व एक जून को कंपेंसेटरी ऑफ (प्रतिपूरक अवकाश) रहेगा. वहीं दो से चार जून तक कंपनी में ब्लाक-क्लोजर की घोषणा की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
बीच में 31 मई रविवार को साप्ताहिक अवकाश है. इस प्रकार कंपनी 29 मई से लेकर चार जून यानी सात दिनों तक बंद रहेगी. इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी कामकाज ठप रहेंगे. इसे लेकर कंपनी की ओर से एक कंपलसरी आफ व दूसरा ब्लाक-क्लोजर को लेकर दो सर्कुलर जारी किया गया है. पहले अधिसूचना में बीते 15 मार्च रविवार को काम कराने के एवज में 29 मई, 29 मार्च रविवार को साप्ताहिक अवकाश के दिन काम करने के बदले 30 मई व 19 अप्रैल को काम कराने के बदले एक जून को कंपलसरी आफ दिया गया है. कंपनी के फाउंड्री डिवीजन में 29 और 30 मई को सामान्य कार्य होगा, क्योंकि फाउंड्री डिवीजन के लिए कोई प्रतिपूरक अवकाश देय नहीं है. संबंधित डिवीजन और विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि जिन कर्मचारियों को 29 मई और 30 मई को काम पर बुलाया जाएगा, वे अपना प्रतिपूरक अवकाश 31 मई तक ले लें. इसी प्रकार, जिन कर्मचारियों को 01 जून को काम पर बुलाया जाएगा, वे अपना प्रतिपूरक अवकाश 30 जून तक ले लें. किसी भी प्रकार की गैर-अनुपालन संबंधी समस्या से बचने के लिए उपरोक्त निर्देशों का पालन आवश्यक है. (नीचे भी पढ़ें)
रविवार 31 मई को सामान्य साप्ताहिक अवकाश माना जाएगा. वहीं जारी अधिसूचना में विभाग प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी आवश्यकता अनुसार कामन सर्विसेज की गतिविधियों का समन्वय करें और आवश्यक निर्देश जारी करें. कंपनी की दूसरी अधिसूचना में कहा गया है कि बीते 19 मार्च को हुए समझौते के प्रावधान के अनुसार प्लांट में दो से चार जून तक ब्लाक क्लोजर लागू करने का निर्णय लिया गया है. ब्लाक क्लोजर से प्रभावित कर्मचारियों को इस अवधि के पचास प्रतिशत दिन के लिए अपना पीएल या सीएल लेना होगा तथा शेष अवधि के लिए कंपनी द्वारा उनका सामान्य वेतन दी जाएगी. वहीं जिन कर्मचारियों को ब्लाक क्लोजर के दौरान बुलाया जाएगा उन्हें ड्यूटी पर तैनात होना होगा.







