
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स की जमशेदपुर यूनिट में 1 अक्टूबर को एक दिन का ब्लॉक क्लोजर रहेगा. इस आशय की अधिसूचना गुरुवार को कंपनी के प्लांट हेड विशाल बादशाह हस्ताक्षरित जारी की गई है. 1 अक्टूबर, मंगलवार को ब्लॉक क्लोज़र तथा 2 अक्टूबर,बुधवार को गांधी जयंती की पेड छुट्टी रहेगी. दो दिनों के बंदी के बाद कंपनी 3 अक्टूबर, गुरुवार को खुलेगी. इससे पहले 6 सितंबर, 14 व 18 सितंबर को कंपनी ब्लॉक क्लोजर में थी. कंपनी प्रबंधन द्वारा इस वित्तीय वर्ष में अब तक 25 ब्लॉक क्लोजर लिए जा चुके हैं जबकि आगामी 1 अक्टूबर को ब्लॉक क्लोजर के बाद इसकी संख्या 26 हो जाएगी. हाल ही में कंपनी प्रबंधन और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के बीच समझौता हुआ जिसमें ब्लॉक क्लोजर के दिन को बढ़ाकर 39 दिन कर दिया गया था. ब्लॉक क्लोजर के दौरान कंपनी के सभी स्थाई समेत अन्य कर्मियों को नियमानुसार आधे दिन का वेतन दिया जाएगा. वैश्विक बाजार में ऑटोमोबाइल सेक्टर में छायी मंदी के कारण वाहनों की बिक्री में कमी आई है. ऑर्डर घटने का सीधा प्रभाव कंपनी के उत्पादन पर पड़ रहा है. दूसरी ओर, टाटा मोटर्स गेट के समीप झामुमो ने कांवाई चालकों के मुद्दे पर प्रदर्शन किया. इन लोगों ने एक ज्ञापन सौंपा. झामुमो के जिला अध्यक्ष रामदास सोरेन के नेतृत्व में एक ज्ञापन लोगों ने सौंपा और आंदोलन करने की चेतावनी दी है.



