जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के कान्वाई चालकों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया और 15 लाख बीमा का शुभारंभ किया गया. चालकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टाटा मोटर्स व्हीकल स्टोरेज विभाग, टेल्को ट्रांस्पोर्ट कंपनी एसोसिएशन एवं ऑल इंडिया कनवाई वर्कर्स यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर एवं बीमा योजना शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन टाटा मोटर्स व्हीकल स्टोरेज के डीजीएम अमित सिन्हा के सौजन्य से एडमिनिस्ट्रेशन हेड विवेकानंद सिंह एवं सेफ्टी हेड राहुल वाडिया द्वारा फीता काटकर किया गया. इस अवसर पर अमित सिन्हा द्वारा उपस्थित विशिष्ट अतिथियों का स्वागत गुलदस्ता भेंट कर किया गया. इस कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें टेल्को ट्रांस्पोर्ट कंपनी एसोसिएशन के सीइओ जेपी सिंह, ऑल इंडिया कनवाई वर्कर्स यूनियन के महामंत्री जय नारायण सिंह, भास्कर ट्रांसपोर्ट के पीएस शुक्ला, चेसिस केयर सेंटर के सतनाम सिंह, सुंदर ट्रांसपोर्ट के राज किशोर साहू, कैनरा मोटर्स के निहालुद्दीन खान, एपी ट्रांस्पोर्ट के जेपी गौड़, रेल रोड लॉजिस्टिक के दमनप्रीत सिंह तथा टाटा मोटर्स व्हीकल स्टोरेज के अधिकारी अर्नब दास, सुब्रतो साहू एवं धर्मपद राणा शामिल रहे. (नीचे भी पढे़ं)
दो दिवसीय यह शिविर जमशेदपुर के जोजोबेड़ा चेचिस यार्ड में आयोजित हुआ. इसमें चालकों के लिए विभिन्न प्रकार की मुफ्त जांच की व्यवस्था की गई है, जिनमें टीएसएच, शुगर (ग्लूकोज) रैंडम, सीरम क्रिएटिनिन, हीमोग्लोबिन, एसजीपीटी, टोटल कोलेस्ट्रॉल, ट्राइग्लिसराइड्स, आंखों की जांच, दंत जांच शामिल है. इसके अलावा इस विशेष पहल के तहत चालकों को 15 लाख रुपये का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस (पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस – पीएलआइ) बिल्कुल मुफ्त प्रदान किया जा रहा है. इसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा, जिससे चालकों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके. इसके लिए चालकों को आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, हेवी ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड देना होगा. ऑल इंडिया कनवाई वर्कर्स यूनियन की ओर से सभी चालक साथियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य कराएं तथा बीमा योजना से जुड़कर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाएं.



