जमशेदपुर : टाटा मोटर्स अधिकारियों के खिलाफ फर्जी मेल करने के आरोप में गिरफ्तार जमशेदपुर के टेल्को आस्था ट्विन सिटी निवासी रमेश कुमार सिंह की जमानत याचिका जमशेदपुर कोर्ट के एडीजे-2 की अदालत ने खारिज कर दी. साइबर थाना पुलिस ने 9 सितंबर को रमेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. रमेश कुमार सिंह टेल्को ऑफिसर्स को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में मैनेजर थे. इस मामले में टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त अधिवक्ता एवं विद्या भारती चिन्मया विद्यालय के पूर्व चेयरमैन मानस कुमार मिश्रा ने साइबर थाना में मामला दर्ज कराया था. आरोप है कि रमेश कुमार सिंह ने मानस कुमार मिश्रा के अलावा विद्यालय के सचिव विष्णु दिक्षित, टाटा मोटर्स के वरीय अधिकारी बीएन सिंह और रजत सिंह के खिलाफ फर्जी मेल कर टाटा मोटर्स प्रबंधन, चिन्मया स्कूल सहित अन्य संस्थानों में भ्रामक शिकायतें की थीं. रमेश कुमार सिंह पर आरोप है कि उन्होंने टाटा मोटर्स के कुछ अधिकारियों और सरकारी संस्थानों के खिलाफ आपत्तिजनक मेल भेजे, जिससे उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। इसी मामले में उन्हें हाल ही में गिरफ्तार किया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
फिलहाल जमशेदपुर के बिष्टुपुर की साइबर पुलिस ने रमेश कुमार सिंह को रिमांड पर लिया है. पुलिस की टीम गहन पूछताछ कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच चल रही है. इंटरोगेशन के दौरान रमेश कुमार सिंह ने कुछ टाटा मोटर्स अधिकारियों, ठेकेदारों और राजेश कुमार दास का नाम लिया है। पुलिस अब इन पहलुओं पर भी गंभीरता से जांच कर रही है. अगले कदम के तौर पर साइबर पुलिस संबंधित लोगों को तलब कर सकती है और जांच को और आगे बढ़ा सकती है. इस पूरे प्रकरण पर सभी की नज़रें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं.




