जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के गेट का कर्मचारियों और अस्थायी कर्मचारियों के हितों को लेकर कंपनी से निष्कासित कर्मचारी और सामाजिक कार्यकर्ता बंटी सिंह ने घेराव कर दिया. बंटी सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने कंपनी के गेट का घेराव कर दिया. इन लोगों ने कंपनी की मजदूर विरोधी नीतियों का विरोध किया. इस दौरान पहले तो पुलिस की टीम ने उनको रोकने की कोशिश की. इस दौरान धक्का मुक्की भी की गयी. लेकिन आंदोलनकारी नहीं माने और गेट पर जमा हो गये. इन लोगों ने कर्मचारियों और अधिकारियों को ना तो बाहर निकलने दिया और ना ही किसी को घुसने दिया. इस दौरान अफरा तफरी मची रही. चिलचिलाती धूप के बीच कर्मचारियों ने जोरदार हंगामा किया और नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है और प्रबंधन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा. (नीचे भी पढ़ें)

मजदूरों का कहना था कि वे अपने अधिकारों को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है, जिससे उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है. मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और नोंकझोंक शुरू हो गई. कुछ समय के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया. स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके. धरना का नेतृत्व कर रहे बंटी सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय प्रबंधन के पक्ष में काम कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस टाटा की दलाली करना बंद करे और ईमानदारी से अपना काम करे. मजदूरों की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बंटी सिंह ने आगे कहा कि मजदूरों के अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है और उनकी जायज मांगों को अनदेखा किया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा. स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई. (नीचे भी पढ़ें)

प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया. हालांकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और स्पष्ट किया कि जब तक स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने का ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
बंटी सिंह ने कहा कि यह आंदोलन स्थानीय युवाओं के हक और अधिकार की लड़ाई है. उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी कंपनियां स्थानीय संसाधनों का उपयोग तो करती हैं, लेकिन रोजगार देने के मामले में स्थानीय लोगों की अनदेखी करती हैं. गौरतलब है कि जमशेदपुर में औद्योगिक कंपनियों में स्थानीय नियोजन को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। यह मुद्दा समय-समय पर उभरता रहा है और हर बार स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिलता है. फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है.











