जमशेदपुर : ऑल इंडिया कान्वाई वर्कर्स यूनियन की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जमशेदपुर के टेल्को स्थित टाटा कमिंस यार्ड में आयोजित की गई. बैठक में यूनियन के महामंत्री जय नारायण सिंह ने चालकों को संबोधित करते हुए बताया कि टाटा मोटर्स की ओर से चालकों के हित को ध्यान में रखते हुए 15 लाख रुपये का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस बिल्कुल मुफ्त किया जा रहा है. इस इंश्योरेंस के लिए चालकों को किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा. उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 17 और 18 मार्च को चालकों के लिए विशेष कैंप लगाया जाएगा. यह कैंप टाटा मोटर्स के साउथ गेट के पास पुराने आरएसओ परिसर में आयोजित किया जाएगा.(नीचे भी पढे़ं)
कैंप का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है. महामंत्री जय नारायण सिंह ने कहा कि इस कैंप में सूचीवृत्त चालक, इंचार्ज चालक, खरीद-बिक्री चालक सहित सभी चालक साथी भाग लेकर अपना इंश्योरेंस करवा सकते हैं. उन्होंने सभी चालकों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण सुविधा का लाभ जरूर उठाएं. इंश्योरेंस कराने के लिए चालकों को आधार कार्ड, हैवी ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग कनवाई क्षेत्र में चालकों को गुमराह करने का प्रयास कर सकते हैं, लेकिन चालक साथी ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने भविष्य की सुरक्षा को देखते हुए इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं. यूनियन की ओर से सभी चालक साथियों से समय पर कैंप में पहुंचकर 15 लाख रुपये के मुफ्त एक्सीडेंटल इंश्योरेंस का लाभ लेने की अपील की गई है.




