
जमशेदपुर : टाटा स्टील और जमशेदपुर के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा के जन्मदिवस पर टाटा स्टील मुख्य गेट के कार्यक्रम के बाद बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क में बने संस्थापक की प्रतिमा पर टाटा संस के एमिरट्स चेयरमैन रतन टाटा और चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने संयुक्त रुप से माल्यार्पण किया. इस दौरान उनके साथ टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन, ग्रुप इडी कौशिक चटर्जी समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस दौरान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता भी मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान सभी ने संस्थापक की प्रतिमा पर फूल चढ़ाये और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने लोगों को संबोधित किया. काफी कम संख्या में लोगों को यहां आमंत्रित किया गया था. यहां एन चंद्रशेखरन ने कहा कि जमशेदपुर के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ-साथ चिकित्सकों ने कोरोना से लड़ाई लड़ी है, जो काबिले-तारीफ कदम है. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर का हर स्तर पर विकास किया जा रहा है, जिसके लिए टाटा समूह और टाटा स्टील मिलकर काम कर रही है. सड़क, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ पार्क और टाटा में नया मेडिकल कॉलेज खोलने को लेकर भी काम किया गया है, जिसका परिणाम सबके सामने आयेगा. करीब चार मिनट के अपने भाषण में टाटा संस के चेयरमैन ने कहा कि टाटा स्टील बेहतर कारोबार कर रही है और कंपनी की स्थिति बेहतर है. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)

कंपनी अगर बेहतर काम करेगी तो निश्चित तौर पर समाज तक इसका विकास की किरण दिखायी देगी और दिखायी भी देती है. उन्होंने कहा कि विकास को लेकर जितने भी मापक है, उस पैमाने पर टाटा समूह काम कर रही है. उन्होंने लोगों से सचेत रहने की अपील की ताकि कोरोना को हराया जा सके. स्वागत भाषण टाटा स्टील इंफ्रास्ट्रक्चर एंड यूटिलिटीज (पहले जुस्को) के एमडी तरुण डागा ने दिया जबकि मंच का संचालन टाटा स्टील इंफ्रास्ट्रक्चर एंड यूटिलिटीज (पहले जुस्को) की प्रवक्ता सुकन्या दास ने किया. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)
इस दौरान एमडी तरुण डागा ने कहा कि जमशेदपुर के विकास के लिए टाटा स्टील और टाटा समूह जो प्रयास कर रही है, उसको धरातल पर उतारने के लिए हम लोग खास तौर पर कदम उठा रहे है और इस दिशा में कई कदम उठाये जा चुके है. आने वाले दिनों में पानी, बिजली, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ स्वच्छता रैंकिंग में भी सुधार करने पर जोर होगा. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)



