
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए खोले गये क्लब हाउस का बेजां इस्तेमाल, गलत इस्तेमाल की कहानी लंबी होती जा रही है. इस कड़ी में साकची के स्टील क्लब हाऊस का भी नाम जुड़ गया है. दरअसल, यह विवाद क्लब हाउस के संचालन समिति के कोषाध्यक्ष सह टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर जगदीश्वर राव के कारण ही हुआ है. बताया जाता है कि जगदीश्वर राव ने एक कॉफी मशीन क्लब में रख दी है. जो भी शादी, विवाह या अन्य आयोजन के लिए बुकिंग करता है तो वहां नियम लगा दिया गया है कि कॉफी मशीन उसी का इस्तेमाल करना होगा. काफी ऊंची कीमत पर कॉफी मशीन उपलब्ध कराया जा रहा है. इसको लेकर हर दिन टाटा वर्कर्स यूनियन में शिकायत पहुंच रही है. गौरतलब है कि जमशेदपुर में टाटा स्टील द्वारा कई क्लब हाउस संचालित की जाती है, जो टाटा वर्कर्स यूनियन के माध्यम से ही संचालित होती है.





