
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा अधिग्रहित उषा मार्टिन कंपनी जिसका नाम अब टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट कंपनी है, उसकी अधीकृत यूनियन का चुनाव 12 दिसंबर को होगा. इसके लिए चुनावी प्रक्रिया मंगलवार को शुरू हो गया. इसके तहत 15 कमेटी मेंबर के पद के लिए कुल 45 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा. बुधवार को नामांकन पत्रों को जमा लिया जायेगा. इस चुनाव में ब्लूम मिल्स के कर्मचारी रविन्द्र पांडेय निर्विरोध रह गए क्योंकि उनके खिलाफ किसीने अपना नामांकन नही खरीदा. यूनियन के मनोनित अध्यक्ष बीके डिंडा के नेतृत्व में यह चुनाव कराया जा रहा है. इसको लेकर यूनियन और मैनेजमेंट की ओर से व्यापक इंतजाम किये गये है. 12 दिसंबर को होने वाले मतदान को लेकर तैयारी चल रही है. कमेटी मेंबर का चुनाव होने के बाद बीके डिंडा अपनी नयी कमेटी का गठन भी करेंगे. गौरतलब है कि बीके डिंडा की अगुवाई वाली यूनियन को कंपनी प्रबंधन ने मान्यता दी है.






