
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपनी कंपनियों की संख्या को कम करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस कड़ी में दीपावली के ठीक 1 दिन पहले टाटा स्टील समूह की दो बड़ी कंपनी टाटा मैटालिक और इंडियन स्टील एंड वायर प्रोडक्ट्स जिसको तार कंपनी के तौर पर जाना जाता है उसका समायोजन टाटा स्टील लोंग प्रोडक्ट्स (टाटा स्टील द्वारा अधिग्रहित उषा मार्टिन कंपनी) में कर दिया गया है. शुक्रवार को टाटा स्टील लोंग प्रोडक्ट्स, टाटा मैटालिक और तार कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की हुई बैठक में इसके समायोजन को मंजूरी दे दी गई. अब इसके बाद कई और कंपनियों के समायोजन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी. फिलहाल तार कंपनी, टाटा मैटालिक के साथ टाटा स्टील लोंग प्रोडक्ट्स के समायोजन की प्रक्रिया को 6 से 9 महीने में पूर्ण कर ली जाएगी, जिसके लिए जरूरी मंजूरी कंपनी लेगी. आपको बता दें कि टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने 2 साल पहले ही यह घोषणा की थी कि कंपनियों की संख्या में कमी की जाएगी और कंपनियों का समायोजन किया जाएगा, जो एक तरह के काम करते हैं. इसी कड़ी में यह पहला कदम माना जा रहा है.














