जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट की सुरक्षा में शनिवार की दोपहर बड़ी सेंध लगी. कड़ी और अत्याधुनिक और ऑमोटेशन से लैस सुरक्षा का दावा करने वाली टाटा स्टील की सुरक्षा विभाग की पोल उस वक्त खुल गयी जब एक सनकी युवक कंपनी के भीतर बिना हेलमेट, हाफ पैंट, चप्पल पहनकर अंदर घुमता पाया गया. वह व्यक्ति साकची एल टाउन गेट से अंदर गाड़ी लेकर प्रवेश कर गया. इसके बाद वह पूरे प्लांट के भीतर घुमा, जिसको कंपनी के कर्मचारियों ने एलडी 2 सिगनल के पास पकड़ा. उसकी हालत देखकर कर्मचारी समझ गये क्योंकि उक्त व्यक्ति के पास कोई हेलमेट नहीं था, हाफ पैंट में था और चप्पल पहना था. कर्मचारियों ने उसको रोका और फिर सुरक्षाकर्मियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उसको तत्काल ले जाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि उक्त युवक सनकी है, जिसको आदित्यपुर जाना था और वह कंपनी के भीतर प्रवेश कर गया था. लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने कंपनी की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है. यह घटना शनिवार में बी शिफ्ट के दौरान घटी है. इस घटना के बाद कई सारे सवाल उठे है. वह व्यक्ति बिना हेलमेट, बिना फुल पैंट और बिना जूता के कैसे कंपनी परिसर के भीतर घुसा. कंपनी में आरएफआइडी सुरक्षा व्यवस्था लागू है. बिना बार कोड स्कैन किये कोई इंट्री नहीं कर सकता है और सभी गाड़ियों में आरएफआइडी पास होता है, जिससे ही इंट्री मिलती है. लेकिन बिना आरएफआइडी पास के ही वह युवक घुसा, बिना कोई सुरक्षा के घुसा, इसको किसी ने नहीं रोका. वह तो गनिमत रही कि कर्मचारियों ने ही उनको बीच में ही रोक दिया अन्यथा कोई बड़ी घटना घट सकती थी. अब पूरे मामले की जांच कंपनी द्वारा शुरू कर दी गयी है.



