
जमशेदपुर : टाटा स्टील में शनिवार की सुबह कोक प्लांट के बैटरी नंबर 6 में गैस लीकेज की घटना के बाद मची अफरा-तफरी के बाद जांच करने के लिए जमशेदपुर के फैक्ट्री इंस्पेक्टर विनित कुमार अपने दल बल के साथ कंपनी परिसर में पहुंचे. उन्होंने बारीकी के साथ पूरे कंपनी में हुई घटना को देखा. उसके बाद के हालात को देखा और फिर जांच की. इस दौरान कोक प्लांट के कर्मचारियों, अधिकारियों और प्रबंधन से जुड़े लोगों से उन्होंने पूछताछ की. इस दौरान उन्होंने कई लोगों का बयान कलमबंद किया. उन्होंने कई सारी जानकारी हासिल की. इस दौरान वे सारी जानकारी हासिल करने के बाद इसकी फाइनल रिपोर्ट तैयार करना शुरू कर दिया है. वे इसकी रिपोर्ट सीधे राज्य सरकार को करेंगे. इसको लेकर वे तैयार कर रहे है. उन्होंने इस मुद्दे पर कोई भी कमेंट करने से इनकार किया है. आपको बता दें कि फैक्ट्री इंस्पेक्टर के लेवल पर ही कोक प्लांट के बंद हो चुके बैटरी संख्या 6 के डिस्मेल्टिंग का काम चल रहा था. उसके पाइप को हटाया जा रहा था. इसी बीच अचानक से गैस रिसाव हो गया, जिससे ब्लास्ट हुआ. इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि दो लोगों को हल्की चोटें आयी थी, जिनको अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनको अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी. इस घटना के बाद मैनेजमेंट ने कहा था कि जमशेदपुर वर्क्स में कोक प्लांट के बैटरी 6 में फाउल गैस लाइन में विस्फोट हुआ. वर्तमान में, बैटरी 6 काम नहीं कर रही है और इसे हटाने की प्रक्रिया चल रही है. एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है. स्थिति पर काबू पा लिया गया है. अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) के दो कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए टीएमएच भेजा गया. सीने में दर्द की शिकायत करने वाले एक अन्य कर्मचारी को भी जांच के लिए टीएमएच भेजा गया. उनकी हालत स्थिर है. घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.



