जमशेदपुर : टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान (एमटीआई) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं. इस समझौते का उद्देश्य सेल के कर्मचारियों के लिए आउटबाउंड लीडरशिप डेवलपमेंट कार्यक्रमों को जारी रखना और उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाना है. टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) वर्ष 2017 से सेल के साथ मिलकर कार्य कर रहा है और बीते आठ वर्षों में साहसिक गतिविधियों पर आधारित 100 से अधिक अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन कर चुका है. नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, सहनशीलता और व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किए गए इन पाठ्यक्रमों में आउटडोर एवं एडवेंचर गतिविधियों को गहराई से सीखने के माध्यम के रूप में उपयोग किया जाता है. अब तक टीएसएएफ द्वारा संचालित आउटबाउंड कार्यक्रमों में सेल के 2,000 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया है. (नीचे भी पढ़े)
नवीनीकृत समझौता ज्ञापन 25 जनवरी 2026 से 25 जनवरी 2028 तक वैध रहेगा. इसका उद्देश्य संरचित अनुभवात्मक विकास हस्तक्षेपों के माध्यम से सेल में सीखने के परिणामों, कर्मचारी सहभागिता तथा नेतृत्व क्षमताओं को और अधिक सशक्त बनाना है. यह समझौता ज्ञापन टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन की ओर से टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट एवं टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन के चेयरमैन डीबी सुंदरा रामम द्वारा हस्ताक्षरित किया गया. वहीं सेल की ओर से प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान (एमटीआई), सेल के कार्यकारी निदेशक (ह्यूमन रिसोर्सेस– लर्निंग एंड डेवलपमेंट) संजय धर ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए. हस्ताक्षर समारोह में टाटा स्टील के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी तथा टाटा स्टील के स्पोर्ट्स एकेडमीज एंड एडवेंचर प्रोग्राम के हेड और टीएसएएफ के मैनेजिंग ट्रस्टी हेमंत गुप्ता शामिल थे. सेल की ओर से इस कार्यक्रम में प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान (एमटीआई), सेल के जेनरल मैनेजर इंचार्ज (ह्यूमन रिसोर्सेज–लर्निंग एंड डेवलपमेंट) अतनु मुखर्जी तथा सीनियर मैनेजर (ह्यूमन रिसोर्सेज–लर्निंग एंड डेवलपमेंट) सुश्री निहारिका उपस्थित रहीं. इस निरंतर साझेदारी के माध्यम से टीएसएएफ और सेल अनुभवात्मक एवं आउटडोर शिक्षण के जरिए सक्षम, आत्मविश्वासी और भविष्य के लिए तैयार नेतृत्व को विकसित करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करते हैं.







