
जमशेदपुर : टाटा स्टील में निबंधित पुत्रों के स्थायी नियोजन को लेकर लंबा और ईमानदार संघर्ष करने वाले श्रमिक नेता सह निबंधित कर्मचारी पुत्र परशुराम सिंह बागी ने झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री दुलाल भुइंया द्वारा निबंधित पुत्रों के स्थायी नियोजन हेतु चलाए गए आंदोलन को ढकोसला करार दिया है. साथ ही टाटा स्टील के निबंधित पुत्रों को इससे दूर रहने को कहा है. परशुराम बागी का कहना है कि पूरा झारखंड जानता है कि दुलाल आंदोलन बेचने वाले नेता हैं, सर्वविदित है कि वह टाटा स्टील से अदृश्य लाभ पाने के लिए नौटंकी कर रहे हैं. जब वे मंत्री थे तब निबंधित कर्मचारी पुत्रों की याद क्यों नहीं आयी, अपने फायदे के लिए दुलाल ने जेएमएम को छोड़कर जेवीएम का दामन थाम लिया था, अब जिसका राजनीतिक इतिहास ही ब्लैकमेलिंग वाला है वह कर्मचारी पुत्रों का क्या भला करेंगे ? उन्होंने टाटा स्टील में होने वाली 500 कर्मचारियों के रजिस्टर्ड रिलेशंस की बहाली की प्रक्रिया का स्वागत भी किया है और कहा है कि इससे कम से कम बहाली का रास्ता खुलेगा. आपको बता दें कि दुलाल भुइयां ने गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन कर कहा था कि टाटा स्टील सिर्फ निबंधित पुत्रों की बहाली कर रही है, जो गलत है और इसका हर स्तर पर विरोध होगा. इस दौरान इन लोगों ने आर या पार की लड़ाई की चेतावनी दी थी. टाटा स्टील मैनेजमेंट और यूनियन के बीच हुए समझौता के बाद यह घोषणा की गयी है कि 500 रजिस्टर्ड कर्मचारी पुत्रों की बहाली होगी, जिसका विरोध दुलाल भुइयां द्वारा किया जा रहा है. परशुराम सिंह बागी निबंधित पुत्रों का आंदोलन करते रहे है, जिसके कारण ही पहले भी निबंधित पुत्रों की बहाली का रास्ता साफ हुआ था और एक बार फिर से उन्होंने मोर्चा संभाल लिया है.





