जमशेदपुर: टाटा स्टील सिक्योरिटी ने कंपनी परिसर के भीतर चोरी की एक बड़ी वारदात को समय रहते विफल कर दिया. प्राप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा कर्मियों ने 2 जून की रात करीब 8 बजे सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को उस समय धर दबोचा, जब वे कंपनी के बहुमूल्य सामान की चोरी की योजना को अंजाम देने की तैयारी में थे.गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद बाबू और मोहम्मद इरशाद के रूप में हुई है, जो जुगसलाई क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
सुरक्षा विभाग की सक्रिय निगरानी और तत्परता के कारण चोरी की इस बड़ी कोशिश को सफल होने से पहले ही रोक दिया गया. टाटा स्टील सिक्योरिटी की इस कार्रवाई ने एक बार फिर कंपनी की संपत्तियों की सुरक्षा और संयंत्र परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को साबित किया है. मामले में आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पकड़े गए आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया.







