जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित हावड़ा ब्रिज के समीप मंगलवार देर रात एक फ्लाई ऐश लदा हाईवा दुर्घटनाग्रस्त हो गया. घटना उस समय हुई जब हाईवा गोलमुरी से साकची की ओर जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने अचानक आई एक कार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हो गया. अनियंत्रित हाईवा पहले सड़क किनारे लगे टावर पोल से टकराया और उसके बाद डिवाइडर से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ. हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. चालक भी सुरक्षित बताया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी, ताकि यातायात व्यवस्था जल्द से जल्द सामान्य हो सके. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक ने कार को बचाने के लिए वाहन मोड़ा था, जिसके कारण वह नियंत्रण खो बैठा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.







