
जमशेदपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के सरदारनगर में चौरी चौरा थाना क्षेत्र के सरैया में टाटा स्टील के स्टॉक यार्ड से कलर शीट लोड कर ट्रक सहित गायब करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से पुलिस ने 114 टाटा कलर सीट और घटना में प्रयुक्त डीसीएम वाहन भी बरामद किया है. पकड़े गए आरोपियों में अमेठी निवासी सूरज शुक्ला, कानपुर देहात के गुजैनी उद्योग नगरी घाटमपुर निवासी राजन पांडेय औऱ कानपुर देहात के सिकंदरा निवासी पिंटू उर्फ़ सत्येंद्र कटियार शामिल है. थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि एम्स से नंदानगर निवासी राकेश कुमार मिश्रा सरैया सरदारनगर स्थित टाटा स्टील स्टॉक यार्ड में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)
L उन्होंने बीते 11 अप्रैल को श्रीनेत ट्रांसपोर्ट सर्विस के माध्यम से एक ट्रक माल लोडिंग के लिए भेजा गया था. ट्रक में 5 लाख 96 हजार 847 रुपये मूल्य की टाटा कलर शीट लोड कर लक्ष्मी स्टील, कन्नौज के नाम बिल और गेट पास जारी कर वाहन को रवाना किया गया था. अगले ही दिन ट्रक चालक का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने लगा और वाहन अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा. इसके बाद कंपनी की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. मामले में धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से वाहन की तलाश शुरू की. जांच के दौरान क्षेत्र से ट्रक को माल समेत बरामद कर लिया गया. इसके साथ ही पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से माल को गलत तरीके से हड़पने की साजिश रची थी. बुधवार दोपहर बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.







