जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा संचालित टिस्को मैकेनिकल सोसाइटी की 85वीं आमसभा (एजीएम) शनिवार को हुई. इस आमसभा की अध्यक्षता सोसाइटी के चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता ने की. इसमें कई सारे अहम फैसले लिये गये. टाटा स्टील कंपनी परिसर के स्टीलेनियम हॉल में आयोजित आमसभा में सबसे पहले दिवंगत लोगों को एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गयी. अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने सोसाइटी द्वारा हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति को देखते हुए लगातार दूसरी बार राज्य सरकार से मिलने वाले उत्कृष्ट सोसाइटी की पुरस्कार के बारे में भी सदन को अवगत कराया और सदन ने ताली बजाकर इसका जोरदार अभिनंदन किया. (नीचे भी पढ़ें)

अध्यक्ष ने पिछले वर्ष की आय व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत किया जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित किया. सोसाइटी ने इस वर्ष 2025-26 में 67,54,101 रुपए का शुद्ध मुनाफा कमाया है. लाभ की स्थिति को देखते हुए अध्यक्ष ने 12 फीसदी लाभांश के साथ ही साथ मिठाई के लिए 250 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रति मेंबर को देने की घोषणा की. 20 अगस्त तक सभी सदस्यों के अकाउंट में पैसे को ट्रांसफर कर दिया जाएगा. लोन की राशि में अप्रत्याशित बढ़ोतरी करते हुए 8 लाख 65 हजार रुपए से बढ़ाकर 9 लाख 50 हजार रुपए तक करने की घोषणा की और यह 1 अक्टूबर से लागू होगा. जो लोग 31 मार्च 2026 तक सदस्य थे, उनको 800 रुपये का गिफ्ट वाउचर दिया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
यह वाउचर सोसाइटी ऑफिस से सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक ले सकते हैं. 25 विशिष्ट सदस्यों को उपहार स्वरूप 2000 रुपये का डिनर सेट दिया जाएगा. सदस्यों ने समिति के कार्य प्रणाली पर काफी संतोष जताया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन मनीषा कुमारी ने किया. मंच पर उपाध्यक्ष नीरज पराशर, कोषाध्यक्ष आलोक सिन्हा, पुष्कर कुमार, जया कुमारी, घुमी हांसदा, सरस्वती हेंब्रम, प्रगति गिरी, शैलेश शर्मा, संदीप बेहरा उपस्थित थे.




