जमशेदपुर : टाटा स्टील में वेज रिवीजन समझौता को लेकर चल रही वार्ता अब तल्ख हो गयी है. मैनेजमेंट और यूनियन के बीच तलवारें खींच गयी है. लगातार दो दिनों से वेज रिवीजन पर सीएचआरओ जमशेदपुर जुबिन पालिया के स्तर पर वार्ता हो रही है. मंगलवार को भी वार्ता हुई. इस वार्ता के दौरान मैनेजमेंट और यूनियन के बीच एमजीबी और साल को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया. मैनेजमेंट ने फिर से एमजीबी 7.5 फीसदी बढ़ोत्तरी करने का प्रस्ताव दिया. वहीं, यूनियन ने कहा कि 15 फीसदी से वे लोग बहुत ज्यादा नीचे जा सकते है तो 13 फीसदी तक जा सकते है. उससे नीचे नहीं जा सकते है. इस पर मैनेजमेंट ने दलील दी कि 7.5 फीसदी में भी पैसे की बढ़ोत्तरी हो रही है. फीसदी को लेकर ज्यादा जिद करने से फायदा नहीं होगा क्योंकि बेसिक कर्मचारियों का काफी ज्यादा पहले से है. (नीचे भी पढ़ें)
अगर एमजीबी कम भी होगा तो हर बार से ज्यादा वेतन बढ़ेगा. बताया जाता है कि दोनों ओर से कहा सुनी मीटिंग में हो गयी. सुबह 10 से दोपहर 1.30 बजे तक और फिर शाम को 4 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक मीटिंग हुई. दोनों दौर की वार्ता में दोनों ओर से तनातनी दिखी और काफी तल्ख हालात दिखे. अब फिर से बुधवार को वार्ता होगी. सूत्र बताते है कि इस माह के अंतिम सप्ताह में टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन और सीपीओ अतरई सान्याल रहेंगी. यह संभव है कि उनके स्तर पर भी एक राउंड की वार्ता के बाद रास्ता निकलेगा और कर्मचारियों का वेज रिवीजन समझौता हो जायेगा.







