
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन चुनाव में नया मामला सामने आ गया है. इस चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत उपश्रमायुक्त (डीएलसी) तक पहुंच चुका है. टाटा स्टील के कोक प्लांट के बैटरी नंबर 5, 6, 7 में निर्वाचन क्षेत्र के निर्धारण में बड़ी गड़बड़ी सामने आयी है. इसको लेकर वहां के उम्मीदवार रजनी ओझा ने चुनाव पदाधिकारी से पहले शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने उपश्रमायुक्त तक इसकी शिकायत की, जिसके बाद डीएलसी ने इस मामले को संज्ञान में लिया है. इस शिकायत में यह मांग की गयी है कि तत्काल प्रभाव से चुनाव पर रोक लगा दी जाये. दूसरी ओर, उपश्रमायुक्त राजेश प्रसाद ने एक कॉमन लेटर भी लिखा है. इस कॉमन लेटर को नोटिस के सामान ही लिखा गया है, जिसमें पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने का निर्देश दिया गया है. उपश्रमायुक्त ने अपने पत्र में लिखा है कि कई तरह की गड़बड़ियों की शिकायतें आ रही है. श्रम सचिव तक मामला जा चुका है. ऐसे में पारदर्शी तरीके से चुनाव कराया जाये. चुनावी गतिविधियों से समय पर सारी चीजें उपलब्ध कराने को कहा गया है. इसके बाद चुनाव का माहौल गर्मा गया है. डीएलसी के पत्र से हड़कंप मचा हुआ है. चुनाव पदाधिकारी और चुनाव समिति के सदस्य अब इसको लेकर कोई गलती नहीं हो, इसको लेकर प्रयासरत है. वैसे इसकी पुष्टि चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह ने की है और कहा है कि डीएलसी की ओर से जरूर पत्र आया है, जिसके तहत काम किया जा रहा है.






