जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के मजदूर पेपर्स लिमिटेड का 75वीं आमसभा (एजीएम) गुरुवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित राममंदिर सभागार में हुई. इसकी अध्यक्षता टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने की. बैठक में मजदूर पेपर्स लिमिटेड के निदेशक इंचार्ज नित्यानंद सिंह, निदेशक बीके डिंडा, आरएन मिश्रा और सुनील कुमार सिंह उपस्थित थे. बैठक में शेयरधारकों को मजदूर पेपर्स लिमिटेड कंपनी के बारे में अद्यतन जानकारी दी गई. वहीं वर्ष 2021-2022 का लेखा जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे शेयरधारकों ने पास किया. इसके अलावा रोटेशन से बीके डिंडा और नित्यानंद सिंह को फिर से मजदूर पेपर्स लिमिटेड का निदेशक बनाया गया.एजीएम मे उपस्थित सभी शेयरधारकों ने वर्तमान निदेशकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की, जिसके कारण आज मजदूर पेपर्स लिमिटेड की माली हालत काफी सुधर गई है. एजीएम मे शेयरधारक और टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व उपाध्यक्ष एम भास्कर राव ने मजदूर पेपर को फिर से चालू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि यह स्वर्गीय अब्दुल बारी का सपना था. उसी उद्देश्य से बारी मेंशन लिया गया था, जिस पर निदेशक मंडल ने विचार करने का आश्वासन शेयरधारकों को दिया. वहीं अनिल कुमार सिंह ने वर्तमान निदेशक मंडल में बिना छेड़छाड़ किए वर्तमान निदेशकों को काम करते रहने की बात कही ताकि कार्य की गति बाधित नहीं हो. एजीएम मे काफी संख्या में शेयरधारक उपस्थित थे. इनमें टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आरबीबी सिंह, पूर्व महामंत्री एसएन सिंह समेत अन्य लोग शामिल थे.





