
जमशेदपुर : देश की बड़ी यूनियनों में शुमार टाटा वर्कर्स यूनियन का रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) और चुनाव समिति के छह सदस्यों के लिए मतदान 13 जनवरी को टाटा स्टील के स्टीलेनियम हॉल में हो रहा है. करीब दो दशकों के बाद ऐसी स्थिति आ रही है कि जब यूनियन में बिना किसी विवाद के चुनाव कराने के मुद्दे पर सारे लोग एकजुट है और अब तक कोर्ट कचहरी का मामला नहीं पहुंचा है. नये संविधान के तहत चुनाव होगा, जिसके तहत पहले रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) यानी चुनाव पदाधिकारी समेत छह सदस्यीय चुनाव समिति के सदस्यों का चुनाव होना है. इस चुनाव के बाद सारा कार्यभार रिटर्निंग ऑफिसर और चुनाव समिति के सदस्यों के कंधे पर होगा कि कैसे चुनाव कराया जाये और सारा अधिकारी उनके पास निहित हो जायेगा. इस कड़ी में 13 जनवरी यानी अब से करीब 48 घंटे के बाद मतदान होना है और उसी दिन चुनाव हो जाना है. यूनियन के चुनाव में इसको सेमीफाइनल माना जाता है क्योंकि सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अपना-अपना उम्मीदवार मैदान में उतार दिया है और दोनों ओर से ताल ठोंका जा चुका है. सत्ता पक्ष की ओर से आर रवि प्रसाद, शहनवाज आलम, अरविंद पांडेय और शैलेश सिंह की चौकड़ी की टीम है, जो अपनी ओर से आरओ का प्रत्याशी प्रवीण कुमार को बनाया है जबकि उनके चुनाव समिति के छह सदस्य के लिए प्रदीप कुमार सिंह (कोक प्लांट, एके सिंह मुखिया (सिंटर प्लांट) शिव दत्त तिवारी, उर्फ मुन्ना तिवारी (सिक्योरिटी डिपार्टमेंट), एके करण (आरएमएम विभाग), संजय कुमार दुबे (एलडी 1), नेहा महतो (पावर सिस्टम) को प्रत्याशी बनाया गया है. इसी तरह विपक्ष की पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट संजीव चौधरी टुन्नु और महामंत्री सतीश सिंह की जोड़ी की ओर से आरओ का प्रत्याशी युवा कमेटी मेंबर संतोष सिंह को बनाया गया है. संतोष सिंह के साथ चुनाव समिति के छह सदस्यों के लिए ए कृष्णा राजू (एचएसएम), आशी कुमारी (कोक प्लांट), अजीत कुमार लकड़ा (सिंटर प्लांट), नितिन कुमार झा (एलडी3 टीएससीआर), पीएन सिंह (सीआरएम), महेश कुमार (एलडी 1) को प्रत्याशी बनाया है. इसके लिए एड़ी चोटी एक कर दिया गया है. जिस तरह क्रिकेट में एक्सपर्ट कहते हैकि अगर किसी को मैच जीतना है तो कैच पकड़ना होगा. इसी तरह यूनियन में अभी यह कहा जा रहा है कि कमेटी मेंबर को पकड़ो, चुनाव का सेमीफाइनल यानी आरओ का चुनाव जीत जायेंगे. बुधवार को टाटा स्टील के भीतर स्टीलेनियम हॉल में चुनाव होना है. स्टीलेनियम हॉल में बुधवार को मतदान होगा जबकि उसी दिन मतगणना होगी. 13 जनवरी बुधवार को यूनियन चुनाव का सेमीफाइनल हो जायेगा. जिसका आरओ जीतेगा, वह अपने अनुसार सीटों को तैयार करेगा और अपने मन मुताबिक, चुनाव करायेगा. वैसे तो यूनियन में 214 कमेटी मेंबरों का सीट है, लेकिन कई लोग रिटायर हो चुके है तो कई मौतें भी हो चुकी है, इस कारण कुल 205 कमेटी मेंबर है, जो इस मतदान में हिस्सा लेंगे. ऐसे में 103 कमेटी मेंबरों का समर्थन जिसको मिल जाता है, वह इस सेमीफाइनल में विजेता हो जायेगा.





