जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत टाटानगर स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है. टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर मोबाइल चोर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. पकड़ा गया आरोपी ओडिशा के राउरकेला का रहने वाला है, जिसके पास से चोरी का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को ट्रेन संख्या 18006 जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-5 में सफर कर रहे एक यात्री का मोबाइल फोन अचानक चोरी हो गया. घटना चलती ट्रेन में घटी, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया. चोरी के बाद आरोपी टाटानगर स्टेशन पहुंचते ही फरार होने की फिराक में था, लेकिन उसकी चालाकी ज्यादा देर तक काम नहीं आई. (नीचे भी पढ़ें)
चक्रधरपुर मंडल के आरपीएफ उड़नदस्ता और आरपीएफ टाटानगर की संयुक्त टीम पहले से ही सतर्क थी. स्टेशन परिसर में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक पर जवानों की नजर पड़ी. शक के आधार पर जब उसे रोका गया और तलाशी ली गई, तो उसके पास से चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ. इसके बाद उसे तुरत हिरासत में ले लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद यूसुफ के रूप में हुई है, जो ओडिशा के बिसरा (राउरकेला) का निवासी है. पूछताछ के दौरान उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. जांच में यह भी सामने आया है कि यूसुफ आदतन अपराधी है और वह पहले भी ओडिशा के विभिन्न थानों में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है. आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करना है. गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.




