
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाटानगर स्टेशन पर मांग कर खाने वाली एक महिला द्वारा बच्चे को बेचे जाने के मामले में बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सख्ती दिखाई। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और बच्चे को बरामद कर लिया गया।
बच्चे को खरीदने वाला स्टेशन का सफाई कर्मी ही है। उसका नाम विक्की मुखी है। वह जुगसलाई का रहने वाला है। बुधवार को रेल पुलिस के डीएसपी नूर मुस्तफा अंसारी व रेलवे चाइल्ड लाइन की संयोजिका एम. अरविंदा बच्चे की मां से पूछताछ कर रहे थे। इसी बीच विक्की मुखी बच्चे के साथ चाईबासा बस स्टैंड पहुंच गया। इसके बाद पुलिस बच्चे की मां और विक्की मुखी को पत्नी के साथ थाने ले गई। बागबेड़ा थाना में महिला को बहला-फुसलाकर बच्चा ले जाने का केस दर्ज हुआ है।








