जमशेदपुर : यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और दैनिक यात्रियों से सीधा फीडबैक लेने के लिए बुधवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया के नेतृत्व में टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ‘जन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान डीआरएम श्री हुरिया ने यात्रियों से सीधे संवाद किया. उन्होंने यात्रियों की समस्याएं, सुझाव और अनुभव सुने तथा रेलवे सेवाओं, साफ-सफाई और परिचालन क्षमता को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण इनपुट लिए. संवाद कार्यक्रम के बाद स्टेशन परिसर में एक सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया. इसमें रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस दौरान पार्किंग स्थल और उससे लगे डिवाइडर गार्डनों की विशेष रूप से सफाई की गई, जो दक्षिण पूर्व रेलवे की स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है. इसके बाद उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस की. प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीआरएम ने बड़ी घोषणाएं की. स्वच्छता अभियान के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डीआरएम तरुण हुरिया ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि यात्रियों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस और संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा. यात्री सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए आने वाले चरण में कई नए रेलवे बुनियादी ढांचे और विकास प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे. यात्रियों की सुविधा के लिए टाटानगर और हल्दीपोखर के बीच जल्द ही एक नया रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा. यात्रियों की अधिकतम सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चक्रधरपुर मंडल में ‘कवच’ ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा. डीआरएम ने मीडिया के माध्यम से आम जनता से अपील की है कि वे ट्रेनों पर पत्थरबाजी न करें, रेलवे संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं, स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखें और बेवजह चेन-पुलिंग (जंजीर खींचने) से बचें.







