
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों का पेंशन स्कीम में बदलाव होगा. सुप्रीम कोर्ट के आदेश का इंतजार किया जा रहा है. यह बातें टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने कहीं. श्री नरेंद्रन टाटा स्टील के एमडी ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान मजदूरों द्वारा उठाये गये सवालों का जवाब दे रहे थे. इस दौरान कोक प्लांट के करम अली खान ने बताया कि पेंशन का वर्तमान स्कीम जो टाटा स्टील में है, उससे कर्मचारियों को काफी कम लाभ होता है और रिटायरमेंट के बाद परिवार चला पाना मुश्किल होता है. केंद्र सरकार ने साल 2016 में नया पेंशन स्कीम लाया था, जिसकी पूरी जानकारी 1 अगस्त 2017 के एमडी ऑनलाइन में उठाया भी गया था, जिसको अब तक टाटा स्टील में लागू नहीं किया गया है. इस पर एमडी ने कहा कि इसका अध्ययन चल रहा है, लेकिन यह मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में चला गया है, जिस कारण सुप्रीम कोर्ट के आदेश का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर नये पेंशन स्कीम को लागू किया जायेगा.
कदमा केएफ 1 फ्लैट नये सिरे से बनेगा
करम अली खान ने ही सवाल उठाया कि कदमा के केएफ 1 फ्लैट का दीवार गिर रहा है. छतें टूट रही है, कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. इस प र जुस्को की ओर से बताया गया कि मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है और रंगाई से लेकर पोताई का काम चल रहा है और बहुत जल्द पूरा फ्लैट दुरुस्त हो गया है.
साकची में सांप-बिच्छू के साथ सूअर का रहता है डर
करम अली खान ने ही सवाल उठाया कि साकची के सुवर्णरेखा फ्लैट में रहने वाले लोग सांप-बिच्छू से खासे परेशान है. वहां अक्सर सांप निकलता रहता है. हाल में वहां काफी संख्या में सूअर भी आते है, जिससे लोगों को काफी डर रहता है. इससे निजात दिलाने की जरूरत है. इस पर जुस्को की ओर से बताया गया कि यह पहली बार मामला आया है और बहुत जल्द इसका स्थायी हल निकाल लिया जायेगा.



