रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने कहा है कि वर्तमान में कोहरे और जंगली हाथियों की आवाजाही से कई ट्रेनें निर्धारित समय से विलंब से चल रही हैं. श्री हुरिया ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि सर्दी के मौसम में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित करनी पड़ती है. वहीं, हाथियों के मूवमेंट वाले रेलखंडों में यात्रियों और वन्यजीवों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेनों को एहतियातन रोका या धीमी गति से चलाया जाता है. (नीचे भी पढ़ें)
मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने बताया कि वर्तमान में घने कोहरे, हाथियों की आवाजाही तथा कुछ स्थानों पर सिग्नल से जुड़ी रेलवे संपत्ति की चोरी व क्षति के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है, जिससे कई गाड़ियां विलंब से चल रही हैं. डीआरएम ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सुरक्षा मानकों के तहत ही ट्रेनों की गति नियंत्रित की जा रही है. उन्होंने यात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि हालात सामान्य होते ही ट्रेनों का परिचालन सुचारू कर लिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने यह भी बताया कि बीते दिनों रेलवे संपत्ति की चोरी, विशेष रूप से सिग्नल से जुड़े केबल और उपकरणों की चोरी व क्षति के कारण कई ट्रेनों को बीच-बीच में रोका गया, जिससे परिचालन प्रभावित हुआ. इस तरह की घटनाएं कांड्रा और सिनी क्षेत्र में सामने आई हैं. श्री हुरिया के अनुसार, इन मामलों में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल संपत्ति की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त है और आगे भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी. अंत में श्री हुरिया ने यात्रियों से अपील की कि वे ट्रेनों के विलंब को लेकर धैर्य बनाए रखें, क्योंकि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे के लिए सर्वोपरि है.















