
जमशेदपुर : टाटा स्टील प्रोसेसिंग डिसटीब्यूशन लिमिटेड टीएसपीडीएल के कर्मियों का 2 दिन के अंदर बोनस होने की संभावना है। यहां फार्मूला के आधार पर 15.5 प्रतिशत बोनस बनता है। जबकि वार्ता के दौरान 18 प्रतिशत तक बोनस देने पर प्रबंधन राजी था। वही यूनियन 20 प्रतिशत बोनस लेने पर अड़ी हुई थी। इसी बीच 31 अगस्त को जीएम पीके साहू के सेवानिवृत्त होने पर बोनस वार्ता की गाड़ी थम गई। श्री साहू के स्थान पर आए नए जीएम कृष्णन आनंद बोनस की गाड़ी को आगे नहीं बढ़ा सके। यहां अभी कंपनी का मुख्यालय कोलकाता की ओर यूनियन टकटकी की लगाये हुए है। बताया जा रहा है कि बोनस वार्ता को लेकर अब भी प्रबंधन के बुलावे का इंतजार है। सूत्रों की माने तो आज बुधवार शाम तक कोलकाता से कंपनी के आला अधिकारी पहुंचकर बोनस वार्ता को आगे बढ़ाएंगे।
वार्ता में उठेंगे कई पुराने मुद्दे : जानकारी के अनुसार कंपनी व यूनियन के बीच हुए ग्रेड रीवीजन समझौते के तहत कई अलाउंस को अब तक नहीं दिया गया है।इससे यूनियन के साथ-साथ कर्मचारियों में भी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी है। वार्ता के दौरान कंपनी प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों के डीए में 10,000 रुपये की कटौती, नाइट शिफ्ट एलाउंस के पैसे समेत कई ऐसे पुराने मुद्दे हैं जिन्हें वार्ता के दौरान उठाएगा शायद इसी का समाधान निकालने को लेकर प्रबंधन देर आए दुरुस्त आए को कहावत चरितार्थ करेगी।



