चाईबासा / रामगोपाल जेना : चाईबासा के खुंटकटी मैदान में सदगुरु सदाफलदेव विहंगम योग संस्थान की ओर से आयोजित होने वोल 551 कुंण्डीय विश्व शांति वैदिक महायज्ञ को आदिवासी हो समाज महासभा के द्वारा रोक लगा दिया गया. मंगलवार को सुबह महायज्ञ के लिए जैसे ही टेंट आदि लगाने की तैयारी की जा रही थी, उसी दौरान आदिवासी हो समाज महासभा के पदाधिकारी और सदस्य दर्जनों की संख्या में पहुंच कर कार्यक्रम का विरोध करते हुए कार्यक्रम को बंद करने का निर्देश दिये. इस संबंध में जानकारी देते हुए आदिवासी समाज हो महासभा के महासचिव युदनाथ तियू ने कहा कि खुंटकाटी मैदान में महंत लोगों की ओर से एक विशाल यज्ञ का कार्यक्रम रखा गया है. इस जगह पर ग्रामीण क्षेत्र में कोई भी कार्य होता है. बिना ग्रामसभा के कोई भी कार्य नहीं करेगा. तांबो में देशाउली है. इस जगह हवन करने और पूजा-पाठ करने से उनके देशाउली व आस्था पर ठेस पहुंच रहा है.

देशाउली पर चोट कर देवी-देवता को भगाने प्रयास हो रहा है. यह किसी भी हालत में बदार्स्तत नहीं किया जायेगा. उन्होंने ने कहा कि आप लोग अपने आस्था के साथ दूसरे जगह करें. शहर के अंदर कार्यक्रम करें. वे किसी भी धर्म को गलत नहीं कहते हैं. लेकिन जब उनकी आस्था के ऊपर चोट उठता है तो देशाउली, बोंगाबुरु के रक्षा करने के लिए सदैव आगे आयेंगे. वहीं सदगुरु सदाफलदेव विहंगम योग संस्थान के महेश राम निषाद ने कहा कि कार्यक्रम के लिए स्थानीय जमीन मालिक और मानकी से लिखित में आदेश लिया गया है. इसके बावजूद कार्यक्रम नहीं होने देना काफी दु:खद है. चाईबासा के धरती पर 30 मार्च को सदगुरु अनन्त स्वतंत्रदेव की महाराज का शुभागमन 29 मार्च को हो रहा था. जबकि 30 मार्च को खुंटकटी मैदान में 551 कुंण्डीय विश्व शांति वैदिक महायज्ञ का आयोजन किया जाना था.












