रामगोपाल जेना
, चाईबासा: भाजपा पश्चिम सिंहभूम के द्वारा संविधान के शिल्पकार बाबासाहेब की जयंती के दिन सोमवार को कांग्रेस ने संविधान के साथ किया खिलवाड़ का आरोप लगाए जाने के बाद मंगलवार को जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारियों ने इसके विरोध स्वरुप एक बैठक कर भाजपा तथा प्रदेश प्रवक्ता पर तीखा प्रहार किया है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान के बिना हम विकास के रास्ते पर नहीं जा सकते. भारत का संविधान पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान रखता है. अमेरिका के संविधान का निर्माण दो सौ साल पूर्व हुआ लेकिन महिलाओं को मतदान का अधिकार देने में उन्हें डेढ़ सौ साल लगे. भारतीय संविधान के लागू होते ही महिलाओं सहित सभी व्यक्ति को एक समान मताधिकार मिला. बाबासाहेब ने कहा था कि कांग्रेस के बिना इस संविधान की परिकल्पना नहीं की जा सकती. बाबासाहेब के विकासवादी सोच और कांग्रेस के सामाजिक समरसता की सोच की परिकल्पना की सच्चाई है.(नीचे भी पढ़े)
भाजपा देश से संविधान को समाप्त कर मनुस्मृति लाना चाहती है और मनुस्मृति वर्ण व्यवस्था लाने का माध्यम है. आज देश में दो विचारधाराए है, एक मनुस्मृति को मानने वालों का दूसरा संविधान को मानने वालों का, हम संविधान के साथ है और इसकी रक्षा हमारा दायित्व है. जिलाध्यक्ष श्री दास ने कहा कि अगर भाजपा अपने मंसूबों में सफल हो गई,संविधान में बदलाव हुआ तो जनता मनुस्मृति काल में चली जाएगी. सामाजिक परिस्थितियां भयावह हो जाएगी, हमें इस स्थिति से लोगों को बचाना है इसलिए कांग्रेस की विशेष जिम्मेवारी भी है. यह छोटी लड़ाई नहीं है देश में संविधान को मजबूत करने और कमजोर करने वाली दो धाराओं के बीच जंग चल रही है. देश के पहले संविधान संशोधन में कांग्रेस ने सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े लोगों को आरक्षण देने के प्रावधान किया. कांग्रेस ने जो भी संविधान संशोधन किया वह सामाजिक विकास के लिए किया. भाजपा ने जो संशोधन की वह समाज के लिए घातक साबित हो रहा है. हमने संविधान को बचाने का जो संकल्प लिया है उस पर मजबूती के साथ संघर्ष करना है. देश की फिजाओं में जहर घोलने की भाजपा की कोशिशों को नाकाम करना है. कांग्रेस ने जनता के लिए हमेशा संघर्ष किया है आज फिर हम संघर्ष की राह पर है उससे हटने वाले नहीं है. देश अगर आगे बढ़ सकता है तो बापू के विचारधारा से, सामाजिक एकता समरसता लोगों के बीच आ सकती है तो बाबा साहब के विचारों से कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ताओं ने ठान लिया है कि कांग्रेस हर परिस्थिति में कोई भी मूल्य चुकाकर संविधान और देश की रक्षा करेगी. कांग्रेस संघर्ष और बलिदान में पीछे कभी नहीं रही, यह कांग्रेस की परंपरा है. हम हर त्याग के लिए तैयार है.
मौके पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय,जिला सचिव मोहन सिंह हेम्ब्रम,युवा कांग्रेस जिला महासचिव पूर्ण चन्द्र कायम , नगर अध्यक्ष मो सलीम, प्रखण्ड अध्यक्ष साकारी दोंगो, ओबीसी प्रखण्ड अध्यक्ष हरिचरण कुम्हार,सुभाष राम तुरी, जोसेफ केसरिया उपस्थित थे.



