चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी.इसे लेकर गुरुवार को जिला समाहरणालय कक्ष में उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया. बैठक में चाईबासा नगर क्षेत्र के चार प्रमुख छठ घाटों करणी मंदिर घाट, कुम्हार टोली घाट, तेलगाकुड़ी घाट और पुलहातु घाट की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्र से बाहर स्थित कुजू नदी घाट पर भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए उचित इंतजाम करने को कहा गया. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई का काम समय पर पूरा किया जाए. जरूरत के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए. घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों को भी साफ रखा जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. घाटों पर निगरानी के लिए वॉच टावर की व्यवस्था करने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया. श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने के साथ जरूरत के अनुसार मजबूत घेराबंदी करने का भी निर्देश दिया गया. इसके अलावा सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी. अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त लाइट लगाने को कहा गया है, ताकि शाम और सुबह के समय श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो. छठ महापर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाटों पर अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत मेडिकल टीम और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने को कहा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके. व्रतियों की सुविधा के लिए ग्रीन रूम सहित अन्य जरूरी इंतजाम करने और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया. बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास शर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषणी मुर्मू समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.












