रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर दिल्ली पब्लिक स्कूल परिसर में गुरुवार को नवरात्रि एवं डांडिया उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा. विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर उत्सव की रौनक बढ़ाई. कार्यक्रम में माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों (नवदुर्गा) पर आधारित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया. विद्यार्थियों ने माँ दुर्गा के चित्र, पोर्ट्रेट एवं स्केच बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अतिरिक्त, नवरात्रि एवं नवदुर्गा के महत्व पर आधारित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व को समझने का अवसर मिला. इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री सुनील कुमार यादव, प्रधानाचार्य श्री रविकांत शर्मा एवं उप-प्रधानाचार्या श्रीमती राजश्री सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. विद्यालय की सीनियर अकादमिक इंचार्ज श्रीमती सोमू चौधरी, जूनियर अकादमिक इंचार्ज श्रीमती अनीता आचार्य तथा अनुशासन प्रभारी श्रीमती रूपाली ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.








