चाईबासा : झारखंड-ओड़िशा सीमांत क्षेत्र के बोलानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बचा. किरीबुरू से बेस कैंप जाने वाले मुख्य मार्ग पर ओडी02एके 7682 नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर घाटी में जा गिरी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार तेज रफ्तार में किरीबुरू से बेस कैंप की ओर जा रही थी. इसी दौरान घाटी क्षेत्र में चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया, जिससे कार सड़क से नीचे गिर गई. हादसे में कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन थोड़ा और नीचे गिरता, तो यह काफी बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के तुरत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया. सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. सूचना मिलते ही ओड़िशा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहन को घाटी से बाहर निकालने की प्रक्रिया भी जारी है. साथ ही, दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या सड़क की खराब स्थिति को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है. गौरतलब है कि किरीबुरू-बेस कैंप मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. संकरी और घुमावदार सड़क के कारण यहां अक्सर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठते हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम, जैसे चेतावनी संकेत, स्पीड ब्रेकर और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.











