रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराइकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलजोमरो गांव में डायन के आरोप में एक महिला की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को कराइकेला थाना को सूचना मिली थी कि कोलजोमरो गांव में एक महिला की हत्या कर दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित छापामार दल ने जांच के दौरान मृतका की पहचान साधुचरण सुम्बरूई की पत्नी के रूप में हुई. वह कोलजोमरो गांव की निवासी थी. मृतका के पति साधुचरण सुम्बरूई के लिखित आवेदन के आधार पर कराइकेला थाना में मामला दर्ज करते हुए अनुसंधान शुरू किया गया. पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर कथित रूप से रात में उसके घर पहुंचकर लकड़ी के डंडे से मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में बुधू होनहागा, मार्टिन दिग्गी, मारतुस होनहागा एवं मधुसूधन होनहागा शामिल हैं. सभी सभी आरोपी कराइकेला के जोनुआ गांव के निवासी बताए गए हैं. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.





