रामगोपाल जेना
/ चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन स्थानीय अनुमंडल अस्पताल परिसर में किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ जोबा माझी एवं सुखराम उरांव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. स्वास्थ्य मेला का संचालन श्रृंखला प्रभारी कुमारी इंद्रा ने किया. मेला प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंशुमन शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें आमजनों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं, जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई गयी.
उद्घाटन समारोह में प्रमुख ज्योति सीजुई, उप-प्रमुख विनय प्रधान, समाजसेवी मनोज भगेरिया, बीस सूत्री अध्यक्ष ताराकांत सीजुई सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित रहे. स्वास्थ्य मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया. (नीचे भी पढ़ें)

सांसद जोबा माझी ने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. स्वास्थ्य मेला जैसी पहल से समय पर जांच, परामर्श और उपचार संभव होता है, जिससे गंभीर बीमारियों की रोकथाम की जा सकती है. उन्होंने आमजनों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की. वही विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि जनस्वास्थ्य सशक्त समाज की आधारशिला है. ऐसे आयोजनों से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और प्राथमिक स्तर पर ही समस्याओं का समाधान हो पाता है. उन्होंने चिकित्सा टीम और प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य मेलों के निरंतर आयोजन का भरोसा दिलाया.















