रामगोपाल जेना,कुमारडुंगी: मझगांव के कुमारडुंगी प्रखंड स्थित राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय में मंगलवार को 11 कमरों वाले नए भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक निरल पूर्ति ने किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि मझगांव विधानसभा को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है और आने वाले समय में इसे शिक्षा का हब बनाया जाएगा.विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.(नीचे भी पढ़े)

जहां भी स्कूल भवन, चहारदीवारी, साइंस लैब, साइकिल स्टैंड और विद्यालय तक पहुंच पथ की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो.उन्होंने कहा कि मझगांव विधानसभा में न तो कोई बड़ा उद्योग है, न रेलवे लाइन और न ही नेशनल हाईवे गुजरता है. ऐसे में क्षेत्र के विकास का सबसे मजबूत माध्यम शिक्षा ही है. इसलिए बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.कार्यक्रम के दौरान विधायक ने तांतनगर प्रखंड में बने फार्मासिस्ट कॉलेज भवन का भी जिक्र करते हुए कहा कि भवन पूरी तरह तैयार है और जिला प्रशासन के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है.(नीचे भी पढ़े)
जल्द ही कॉलेज शुरू होने से पश्चिम सिंहभूम के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा तथा युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे.विधायक ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और स्कूल का नाम रोशन करने की अपील की. वहीं अभिभावकों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने का आग्रह किया. कार्यक्रम में छात्राओं ने विधायक का ढोल-नगाड़ों और फूलमाला के साथ भव्य स्वागत किया. मौके पर जनप्रतिनिधि, मानकी-मुंडा, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.







