कोल्हान /बंदगांव- पश्चिमी सिंहभूम जिला के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र टेबो थाना के पिंगु गांव निवासी 57 वर्षीय पारा शिक्षक सनिका टोपनो की हत्या अज्ञात अपराधियों द्वारा पत्थर से कुचलकर कर दी गयी. जानकारी के अनुसार सनिका टोपनो बुधवार की सुबह 6 बजे पैदल ही अपने घर पिंगु से लोवाहातु विद्यालय में पढ़ाने के लिए गया था. मगर बुधवार की शाम तक वह घर वापस नहीं लौटा. इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की. मगर उसका कुछ भी पता नहीं चल पाया. इसके बाद गुरुवार की सुबह में परिजनों ने टेबो थाना में गुमशुदा होने का मामला दर्ज कराया. पुलिस एवं ग्रामीणों ने काफी खोजबीन करते हुए गुरुवार को हरसिंग कोचा के जंगल में शव को बरामद किया. शव के सर पर पत्थर से कुचला गया था, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. पुलिस ने शव को जब्त कर टेबो थाना ले गयी, जहां शाम हो जाने के कारण शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को नहीं हो पाया. (नीचे भी पढ़ें)
शुक्रवार को शव चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया. जहां पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को शव दे दिया जायेगा. मृतक का दो लड़का एवं एक लड़की है. परिजनों के मुताबिक मृतक का किसी के साथ दुश्मनी नहीं थी. उसकी मौत क्यों की गयी इस पर पुलिस गहनता पूर्वक जांच कर रही है. मालूम रहे की मृतक का विद्यालय बहुत बिहड क्षेत्र में होने के कारण पुलिस को शव जब्त करने में काफी दिक्कतें हुई. वही इस घटना से पिंगु के ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों के मुताबिक सनिका टोपनो एक अच्छा व्यक्ति था. वह मृदु भाषी के साथ-साथ सभी लोगों से अच्छा संबंध रखा था है.



