रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत चक्रधरपुर मंडल रेल भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की समर्पित रेंजर अदिति कुंडू का भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का सर्वोच्च सम्मान, राष्ट्रपति पुरस्कार लेकर लौटने के बाद चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर जोरदार स्वागत किया गया. बड़ी संख्या में लोग अदिति के स्वागत के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि स्काउटिंग गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की समर्पित रेंजर अदिति कुंडू को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति ने स्काउट्स एंड गाइड्स का सर्वोच्च सम्मान राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान किया. अदिति की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल अदिति के परिवार और संस्थान को, बल्कि पूरे चक्रधरपुर मंडल को गौरवान्वित किया है. अदिति स्काउटिंग समुदाय के सभी सदस्यों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है. (नीचे भी पढ़ें)

अदिति की यह सफलता उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो स्काउटिंग के माध्यम से समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान करना चाहते हैं. अदिति कुंडू ने स्काउटिंग में अपनी सक्रिय भागीदारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता व सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया है. उन्होंने न केवल विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय कैंपों में भाग लिया, बल्कि जरूरतमंदों की मदद और सामुदायिक सेवा के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाई. अदिति की इस् अभूतपूर्व उपलब्धि पर चक्रधरपुर के डीआरएम तरूण हुरिया सहित रेलवे के अधिकारियों एवं क्षेत्र के लोगों ने बधाई दी है. ज्ञात हो कि चक्रधरपुर रेल मंडल से एक मात्र आदिति का चयन राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए हुआ था और दक्षिण पूर्व रेलवे के चार मंडलों से कुल 35 स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्यों का चयन राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए हुआ था.



