रामगोपाल जेना,चाईबासा:कप्तान अनुराग संजय एवं उद्घाटक बल्लेबाज कुमार करण की शतकीय पारी के बावजूद चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी ने मैच के अंतिम दो ओवर में शानदार बल्लेबाजी कर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिला दी.चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमसीसी चाईबासा की टीम ने निर्धारित पैंतीस ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 259 रनों का स्कोर खड़ा किया. पारी की शुरुआत करने आए कुमार करण ने सात चौके एवं दस छक्के की सहायता से 103 रन एवं पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान अनुराग संजय पुर्ति ने आठ चौके एवं नौ छक्के की मदद से नाबाद 106 रन बनाए. एमसीसी की पारी की ख़ासियत ये रही कि इन दोनों बल्लेबाजों के अलावे जयप्रकाश राजपूत के 11 रन छोड़कर अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया. चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से प्रमीत सिंह ने 29 रन देकर तीन तथा अनुज उरांव ने 26 रन देकर दो विकेट हासिल किए. आशीष कुमार सिंह, सनोज कुमार एवं रोहित कुमार को एक-एक सफलता हाथ लगी. जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी की टीम ने 34.4 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 262 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया.(नीचे भी पढ़े)
हलांकि अंतिम दो ओवर में चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी को जीत के लिए तीस रनों की आवश्यकता थी और ऐसा लग रहा था कि एमसीसी ये मैच आसानी से जीत जाएगी परंतु विशाल सिंह द्वारा फेंके गए चौतीसवें ओवर में बीस रन बटोरकर चक्रधरपुर ने मैच को रोमांचक बना दिया. अंतिम छह गेंदों पर दस रनों की आवश्यकता थी जिसे एमसीसी के बल्लेबाजों ने दो गेंद शेष रहते पूरा कर लिया. चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी के उपरी क्रम के चारों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कप्तान सचिन दूबे ने आठ चौके एवं एक छक्का की मदद से 60 रन, सनोज कुमार ने सात चौके की सहायता से 60 रन, अनुज उरांव ने 50 तथा सुमित शर्मा ने 42 रन बनाए. निचले क्रम में आशीष कुमार सिंह ने मात्र पांच गेंदों पर एक चौका एवं तीन छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 22 नाबाद रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. एमसीसी चाईबासा की ओर से गेंदबाजी करते हुए विशाल सिंह एवं आदित्य पुष्कर को दो-दो सफलता हाथ लगी जबकि अनुराग संजय एवं अजीत कुमार सिंह को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ.एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग में कल एमसीसी चाईबासा का मुकाबला स्टूडेंट क्लब चाईबासा से होगा.




