चाईबासा: कुमार करण की शानदार बल्लेबाजी एवं कप्तान अनुराग संजय पूर्ति के बेहतरीन ऑलराउंडर प्रदर्शन की बदौलत मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब चाईबासा ने सेरसा चक्रधरपुर को एक नजदीकी मुकाबले में दस रनों से पराजित कर 9वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया.चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए फाईनल मैच में टॉस एम सीसी चाईबासा के कप्तान अनुराग संजय ने जीता तथा पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए एमसीसी ने निर्धारित पैंतीस ओवर में सभी विकेट खोकर 274 रनों का स्कोर खड़ा किया. सबसे अच्छी बल्लेबाजी कुमार करण ने की जिसने दस चौके एवं छह छक्के की मदद से 91 रन बनाए और मात्र नौ रन के अंतर से शतक बनाने से चूक गया. अन्य बल्लेबाजों में कप्तान अनुराग संजय ने पांच चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 62 रन, तन्मय तंतुबाई ने 33 रन, जय प्रकाश राजपूत ने 29 रन एवं राकेश कुमार ने 20 रनों का योगदान दिया. सेरसा चक्रधरपुर की ओर से हिमांशु शर्मा ने 44 रन देकर चार विकेट हासिल किए. पवन कुमार एवं डेविड सांगा ने दो-दो तथा अमित दास ने एक विकेट हासिल किए.(नीचे भी पढ़े)

जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेरसा चक्रधरपुर की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरे पैंतीस ओवर खेलकर 264 रन ही बना पाई और 10 रनों के अंतर से चैंपियन बनने से चूक गई. सेरसा की ओर से सुदीत ठाकुर ने छह चौके एवं दो छक्के की सहायता से 77 रन तथा कमल गोप ने सात चौके की मदद से 50 रनों की पारी खेली. अन्य बल्लेबाजों में डेविड सांगा ने 34, राजीव रंजन ने 27, प्रकाश सीट ने 25 तथा हिमांशु शर्मा ने 23 रनों का योगदान दिया. एमसीसी चाईबासा की ओर से अजित सिंह ने 47 रन देकर तीन विकेट, आदित्य पुष्कर ने 50 रन देकर तीन विकेट तथा विशाल सिंह ने 32 रन देकर दो विकेट हासिल किए.मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम को पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने तथा उप विजेता टीम को जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार ने ट्रॉफी के साथ-साथ व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया. फाइनल मैच के मैन आफ द मैच का पुरस्कार एमसीसी चाईबासा के अनुराग संजय को जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता ने प्रदान किया. सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार एमसीसी के ही कुमार करण को तथा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का पुरस्कार सेरसा के हिमांशु शर्मा को दिया गया. ये पुरस्कार कार्यकारिणी समिति के सदस्य जितेंद्र चौबे ने प्रदान की. पूरे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने के लिए मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब के कप्तान अनुराग संजय को मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से नवाजा गया. यह पुरस्कार जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने प्रदान की.



