रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : सोमवार की शाम नकटी डैम में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय बालक की मौत हो गई. यह हादसा कराइकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत उस समय हुआ, जब पिकनिक से लौट रही डीजे साउंड लदी गाड़ी खराब रास्ते में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, चक्रधरपुर शहर के वार्ड संख्या–5, दंदासाई से लड़कों का एक समूह पिकनिक मनाने नकटी डैम गया था. सोमवार शाम पिकनिक से लौटने के दौरान खराब व ऊबड़-खाबड़ सड़क पर डीजे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में पलट गई. बताया गया कि हादसे के वक्त डीजे गाड़ी में बैठा श्रवण सिंह उर्फ लाला (16 वर्ष) वाहन के नीचे दब गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद पिकनिक ग्रुप में शामिल अन्य युवकों ने बुरी तरह जख्मी बालक श्रवण सिंह को किसी तरह गाड़ी के नीचे से बाहर निकाला. उधर सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कराइकेला थाना पुलिस ने अपने वाहन से अनुमंडल अस्पताल, चक्रधरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलने के बाद दंदासाई मोहल्ले में मातम पसर गया. बताया जाता है कि मृतक के पिता दिलीप सिंह की पांच वर्ष पूर्व ट्रेन से कटकर मौत हो चुकी थी. श्रवण सिंह परिवार का इकलौता पुत्र था. उसकी मां दूसरों के घरों में काम कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं. बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है. कराइकेला पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को चक्रधरपुर रेल अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया है. जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह उसका पोस्टमॉर्टम होगा.







