रामगोपाल जेना,बंदगांव: पश्चिम सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना अंतर्गत शरीदिरी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवती की मौत हो गई. मृतक की पहचान निवासी गुंडई मुंडू की पुत्री सुरारी मुंडू के रूप में हुई. जानकारी के अनुसार, सुरारी मुंडू खेत में काम कर रही थी. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ वज्रपात हुआ. आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजन उसे तुरंत बंदगांव स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.(नीचे भी पढ़े)
घटना की सूचना मिलने पर बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया है.थाना प्रभारी ने बताया कि युवती खेत में काम करने के दौरान वज्रपात की चपेट में आई थी. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली आपदा राहत सहायता दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.







