चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह में अवैध बालू के कारोबार के खिलाफ अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने कार्रवाई की है. उन्होंने आदारडीह स्थित एसएम स्टील कंपनी परिसर से बालू लदे छह हाईवा जब्त किए हैं. बताया जा रहा है कि ये वाहन तिरुलडीह क्षेत्र से बालू लोड कर कंपनी परिसर में पहुंचे थे. गुप्त सूचना मिलने के बाद सीओ ने कार्रवाई करते हुए सभी छह वाहनों को जब्त किया.जब्त किए गए हाईवा के नंबर बीआर 08 जी 5632, जेएच 01 एएक्स 4189, जेएच 02 एई 2434, जेएच 16 ए 9226, सीजे 12 एस 6101 और जेएच 02 एके 2631 हैं. अंचलाधिकारी के अनुसार, इन वाहनों से कथित तौर पर अवैध रूप से बालू की ढुलाई की जा रही थी. साथ ही वाहनों में ओवरलोड बालू होने की बात भी सामने आई है. इस कार्रवाई के बाद बालू के चालान को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि वाहनों को सुबह करीब छह बजे पकड़ा गया था, जबकि सुबह करीब आठ बजे चालान जारी किया गया. (नीचे भी पढ़े)
हालांकि, जब्ती के समय वाहनों के पास चालान था या नहीं और चालान वास्तव में किस समय जारी हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए छह हाईवा जब्त किए गए हैं. फिलहाल सभी वाहनों के जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि नीमडीह क्षेत्र में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.अब जांच में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जब्ती के समय वाहनों के पास बालू परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मौजूद थे या नहीं. साथ ही, चालान जारी होने के समय और उसकी वैधता की भी जांच जरूरी है. फिलहाल प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.





