
चाईबासा: मझगांव प्रखंड अंतर्गत पड़सा सुरासाई में वीर गोनो पिंगुवा स्मारक पुस्तकालय का उद्घाटन मुख्य अतिथि हो समाज महासभा के अध्यक्ष अर्जुन मुन्दुईया व विशिष्ट अतिथियों बैंक मैनेजर दुम्बी दिग्गी, सेयां मरसल उलगुलान के सचिव जवाहरलाल बांकिरा, केन्द्रीय विद्यालय, रांची के प्राचार्य कृष्णा चातर, आकाश ग्रुप शिक्षक संजय जारिका, बसंत गागराई, सिकंदर बुड़ीउली, दिलदार पूर्ति, घनश्याम गागराई ने संयुक्त रुप से किया. मौके पर अर्जुन मंदुईया ने कहा कि लाइब्रेरी विद्यार्थियों को पढ़ाई करने के लिए आकर्षित करेगी. बुद्धिजीवियों ने पुस्तकों की कमी झेल रहे विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी में संसाधन उपलब्ध कराने की सोच विकसित किया है. लिहाजा विद्यार्थी इसका लाभ उठाये. उन्होंने कहा कि वर्तमान में छठी कक्षा के लिए नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा हेतु निबंधन जारी है इसमें अभिभावक अधिक से अधिक अपने बच्चों को निबंधन कराएं और परीक्षा की तैयारी के लिए लाइब्रेरी का सहारा लें. इस अवसर पर कृष्णा चातर,दामु सुंडी, परमानंद बिरुवा,शांति सवैयां, बसंत गागराई ने भी अपने अपने विचार रखे.
इस दौरान शिक्षक सह हो लोकगीत के गायकों संजय जारिका और विद्यासागर लागुरी व मंगल मुंडा ने क्रमशः बिरसा दुरंग, स्कूली शिक्षा आधारित गीत व प्रेरणा गीत प्रस्तुत किया. वहीं विमल किशोर बोयपाई की अगुवाई में ऑल कोल्हान आदिवासी शिक्षक समिति (आकास) के शिक्षकों ने मैट्रिक परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को जैक द्वारा जारी सिलेबस से रुबरू कराया और प्रश्न पत्र हल करने के जरूरी टिप्स दिए. इस मौके पर हरिश्चंद्र लागुरी, हरिचरण खंडाईत, गणेश बिरुवा समेत बुद्धिजीवी, विद्यार्थी व अभिभावक उपस्थित थे.





