रामगोपाल जेना/चाईबासा: कप्तान प्रियंका सवैंया की जिम्मेदारी भरी पारी (40 रन) की बदौलत पश्चिमी सिंहभूम ने मेजबान देवघर को तीन गेंद शेष रहते चार विकेट से पराजित कर सुपर डिवीजन में अपना स्थान पक्का कर लिया. अब सुपर डिवीजन का मुकाबला खेलने पश्चिमी सिंहभूम की टीम चाईबासा आएगी या गिरिडीह जाएगी इसका निर्णय कल धनबाद के विरुद्ध होने वाले अंतिम लीग मैच के परिणाम पर निर्भर करेगा. अगर पश्चिमी सिंहभूम की टीम धनबाद को पराजित कर ग्रुप में पहले स्थान पर रहती है तो उसे सुपर डिवीजन खेलने गिरिडीह जाना पड़ेगा. वहीं अगर कल के मुकाबले में पराजित हो जाती है तो इसे चाईबासा आना पड़ेगा.(नीचे भी पढ़े)

देवघर के केकेएन स्टेडियम में खेले गए आज के मैच में टॉस पश्चिमी सिंहभूम के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए देवघर ने निर्धारित बीस ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए. पारी की शुरुआत करने आए देवघर की पिंकी कुमारी ने छह चौके की मदद से 54 रनों की शानदार अर्द्धशतकीय पारी खेली. अन्य बल्लेबाजों में पूर्णिमा कुमारी ने 21, सोनिया कुमारी ने 17 तथा सरिता सोरेन ने 12 रनों का योगदान दिया. पश्चिमी सिंहभूम की ओर से गेंदबाजी करते हुए यशोदा कुमारी ने 23 रन देकर दो विकेट हासिल किए. प्रियंका एवं चांदमुनी पूर्ति को एक-एक सफलता हाथ लगी जबकि दो खिलाड़ी रन आउट का शिकार हुआ. (नीचे भी पढ़े)
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य को पश्चिमी सिंहभूम के बल्लेबाजों ने 19.3 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान प्रियंका सवैंया ने छह चौकों की मदद से 40 रन बनाए. अन्य बल्लेबाजों में जया कुमारी जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 36 रन तथा रश्मि गुड़िया ने 27 रन बनाए. देवघर की सुनिता कुमारी एवं पूर्णिमा कुमारी ने दो-दो विकेट हासिल किए जबकि सोनिया कुमारी को एक सफलता हाथ लगी. मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम की कप्तान प्रियंका सवैंया को उसके शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया. पुरस्कार स्वरुप उसे पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार मैच पर्यवेक्षक मनोज सिंह ने प्रदान की.



