रामगोपाल जेना/ चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की लगातार देरी से नाराज यात्रियों और स्थानीय लोगों ने अब संगठित होकर आंदोलन का रास्ता चुना है. इसी क्रम में बुधवार को चक्रधरपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता रामलाल मुंडा ने की. बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और जागरूक नागरिकों ने भाग लिया. सभी ने एक स्वर में कहा कि पिछले कई वर्षों से ट्रेनों की समयबद्धता बिगड़ती जा रही है, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है.(नीचे भी पढ़े)
बैठक में यह बात सामने आई कि कई महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं, जिससे छात्रों, मजदूरों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों का समय और पैसा दोनों प्रभावित हो रहा है. खासकर दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह समस्या और भी गंभीर बन गई है.इसी मुद्दे को लेकर सर्वसम्मति से आंदोलन को जनता रेल आंदोलन नाम दिया गया और इसे चरणबद्ध तरीके से व्यापक स्तर पर चलाने का निर्णय लिया गया.चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम एवं रेलवे बोर्ड को लिखित शिकायत भेजी जाएगी. बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर जनसमर्थन जुटाया जाएगा. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर तक उठाया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)
समस्या का समाधान नहीं होने पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और इसे जनांदोलन का रूप दिया जाएगा. जनता रेल आंदोलन के तहत अगली बैठक 12 अप्रैल को सुबह 10:00 बजे वन विश्राम, चक्रधरपुर में आयोजित की जाएगी. इस बैठक में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है.इस अवसर पर पंकज बंकीरा, सन्नी खान, मो. मिंटू, नुरुद्दीन (वार्ड पार्षद), दिनेश जेना (पूर्व वार्ड पार्षद), बैरम खान, नूरी, मो. जावेद, विजय सिंह सुंम्ब्ररुई, अर्जुन मुंडा, सुखलाल लागुरी, गणपति महाली (वार्ड सदस्य), चुन्नू रहमान, संतोष मुंडा, दानिश जेब, बीरेंद्र राम, पप्पू प्रसाद, शहाबुद्दीन, कोड़ा महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. अंत में सभी ने रेलवे प्रशासन से अपील की कि यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.



