जमशेदपुर : जमशेदपुर में इन दिनों ‘मिनी मिनिएचर’ पुंगनूर नस्ल की गाय लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. शहर निवासी मोहित गुप्ता द्वारा लायी गयी यह अनोखी गाय अपने बेहद छोटे आकार के कारण खास चर्चा में है. करीब डेढ़ फीट ऊंचाई और 20–25 किलो वजन वाली यह गाय दुनिया की सबसे छोटी गायों में गिनी जाती है. ‘गौरी’ नाम की इस गाय के साथ उसका बछड़ा ‘गोपाल’ भी लोगों को खूब भा रहा है. शार्प भारत से खास बातचीत में मोहित गुप्ता ने बताया कि वे इस दुर्लभ नस्ल को दक्षिण भारत से लेकर आये हैं, जहां इसे पारंपरिक तरीके से पाला जाता है. उन्होंने कहा कि मेरा उद्देश्य सिर्फ इसे दिखाना नहीं, बल्कि लोगों को देसी नस्लों के महत्व के बारे में जागरूक करना है. उन्होंने आगे बताया कि यह गाय कम चारा खाती है और कम जगह में भी आसानी से पाली जा सकती है, जो शहरी क्षेत्रों के लिए काफी उपयोगी है. (नीचे भी पढे़ं)

मोहित ने यह भी बताया कि इतनी छोटी होने के बावजूद यह गाय रोजाना करीब 1 लीटर तक दूध देती है, जिसमें वसा की मात्रा अधिक होती है और यह स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है. फिलहाल 12 महीने की ‘गौरी’ आने वाले समय में दूध देने के लिए तैयार होगी. इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में भी उत्साह है. भविष्य में गोसेवा और देसी नस्लों के संरक्षण को बढ़ावा देने की योजना पर काम किया जा रहा है. फिलहाल ‘गौरी’ को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है और यह गाय शहर में खुशी और जिज्ञासा का विषय बनी हुई है.



